महिला से धोखाधड़ी मामले में दम्पति गिरफ्तार
फतेहाबाद। धोखाधड़ी कर एक महिला से लाखों रुपये लेकर भी मकान की रजिस्ट्री न करवाने के मामले में शहर फतेहाबाद पुलिस ने आरोपकम दम्पति को गिरफ्तार कर किया है।बुधवार को शहर थाना प्रभारी प्रहलाद राय ने बताया कि 17 अगस्त को हरपाल चौक, टोहाना निवासी सुरजीत कौर की शिकायत पर दम्पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार उसने सतीश कालोनी फतेहाबाद निवासी मंजू से उसके मकान का सौदा 44 लाख रुपये में किया था और इकरारनामा के समय उसने 8 लाख 50 हजार रुपये दिए थे। इसके बाद 10 दिसंबर 2023 के दिन रजिस्ट्री करना तय हुआ था लेकिन उपरोक्त मकान पर लोन के कारण रजिस्ट्री नहीं हुई। महिला ने कहा कि मंजू व उसके पति ख्याली राम ने उसके साढ़े 18 लाख रुपये हड़प लिए लेकिन मकान की रजिस्ट्री उसके नाम नहीं की। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई सुशील कुमार ने आगामी कार्रवाई करते हुए आरोपित दम्पति को गिरफ्तार कर लिया है।





