पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बजट सत्र में करेंगे विधान सभा कूच
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर बजट सत्र में करेंगे विधान सभा कूचगोपेश्वर, 26 फरवरी । राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की कोर कमेटी की बैठक रविवार को गोचर में हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आगामी 13 मार्च से भरारीसैंण-गैरसैंण में होने वाले बजट सत्र के पहले दिन विधान सभा कूच करेंगे।प्रान्तीय कार्यकारी अध्यक्ष जयदीप रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि विधान सभा कूच के लिए सभी जनपदों से अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक भरारीसैंण पहुंचेगे। इसकी रणनीति तैयार करते हुए सभी 13 जनपदों में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किये गये। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रीरियल सर्विसेज एसोसिएशन की पहल पर पुरानी पेंशन की लड़ाई के लिए एक मंच पर आने के प्रस्ताव पर कोर कमेटी ने निर्णय लिया कि फेडरेशन के आह्वान पर एक मंच पर आने को भी तैयार हैं। मोर्चे का उद्देश्य पुरानी पेंशन प्राप्त करना है न कि राजनीति करना। साथ ही कोर कमेटी ने ब्लाक स्तरीय और जनपद स्तरीय सांगठनिक ढांचे को और मजबूत करने का निर्णय लिया।बैठक में प्रान्तीय प्रभारी विक्रम सिंह रावत, प्रान्तीय कार्यकारी अध्यक्ष जयदीप रावत, प्रान्तीय महासचिव सीता राम पोखरियाल, प्रान्तीय कोषाध्यक्ष रणवीर सिंधववाल, गढ़वाल मण्डल अध्यक्ष पीएस फरस्वाण ने पूर्व काबीना मंत्री और विधायक बदरीनाथ राजेन्द्र सिंह भण्डारी से एक शिष्टमंडल ने मुलाकात की। विधायक ने शिष्टमंडल को अश्वासन दिया कि सदन में पुरानी पेंशन के मुद्दे को प्राथमिकता से रखा जायेगा।





