जंगली हाथी ने दो घरों को क्षतिग्रस्त किया
लोहरदगा। कैरो थाना क्षेत्र के बक्शी गांव की ओर से दो जंगली हाथी महुवरी गांव पहुंचे। यहां पर गांव के बेरो बाखला व रोपा उराईन के घर को ध्वस्त कर दिया। साथ ही इनके घर में रखे पांच क्विंटल धान को खा गए। दो जंगली हाथी मक्के की फसल को बर्बाद करते हुए बक्शी गांव की ओर से महुवरी गांव पहुंच गए। वहांं दो घरों में रखे धान को चट करने के बाद मक्के की खेत में डेरा जमाए हुए हैं। ग्रामीण बताते हैं कि महुवरी गांव निवासी बेरो बाखला अपने परिवार के साथ घर में आराम कर रहे थे। तभी दीवार गिरने की जोरदार आवाज आई। इसे सुनकर बेरो को अहसास हुआ कि हाथी उनके घर को तोड़ रहा है। इसके बाद वे अपने परिवार के साथ पिछले दरवाजे से घर से निकले और गांव में दूसरे के घर जाकर रात गुजारी।
इधर, उतका गांव निवासी संग्राम यादव व हदीश अंसारी के मक्के की फसल को हाथियों ने बर्बाद कर दिया है।





