Varanasi Air Show: काशी में 8 दिन नहीं मिलेगा नॉनवेज, 30 KM तक मीट की दुकानें बंद
वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर 'एरियल डिस्प्ले-2026' होगा। इसे स्टेट इवेंट घोषित किया गया है। बर्ड-हिट का खतरा टालने के लिए प्रशासन ने 19 से 26 अक्टूबर तक 8 दिन के लिए नमो घाट के 20-30 किमी दायरे में मांस-मछली की बिक्री पर पूरी रोक लगा दी है। मुख्य एयर शो 25 अक्टूबर को होगा, जिसमें पीएम मोदी शामिल हो सकते हैं।

वाराणसी। काशी में होने जा रहे भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक एयर शो को लेकर प्रशासन ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। सुरक्षा कारणों से वाराणसी में 8 दिनों तक नॉनवेज की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। नमो घाट के 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी मीट-मछली और मुर्गे की दुकानें बंद रहेंगी। दरअसल, भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर 'एरियल डिस्प्ले-2026' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे 'स्टेट इवेंट' घोषित किया है। इस शो में वायुसेना के 100 से ज्यादा लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर गंगा के ऊपर करतब दिखाएंगे।
नगर निगम के मुताबिक, एयर शो के दौरान लड़ाकू विमान बहुत कम ऊंचाई पर उड़ान भरेंगे। मांस-मछली की दुकानों और कचरे के ढेर पर चील, कौवे और अन्य पक्षी मंडराते हैं। इससे 'बर्ड हिट' का खतरा बढ़ जाता है, जो विमानों के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है। इसी खतरे को टालने के लिए यह फैसला लिया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि "एयर शो को सुरक्षित, सुचारू और बर्ड-हिट मुक्त माहौल में कराना प्राथमिकता है। 19 अक्टूबर से कार्यक्रम समाप्त होने तक मीट-मछली की बिक्री और कटिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।"
प्रशासन के अनुसार, मुख्य एयर शो पहले 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन 23 अक्टूबर को विधान परिषद चुनाव के कारण तारीखों में बदलाव किया गया है। अब मुख्य शो 25 अक्टूबर को होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हो सकते हैं। 26 अक्टूबर को रिजर्व डे रखा गया है। पाबंदी 19 अक्टूबर से शुरू होकर 26 अक्टूबर तक यानी 8 दिनों तक लागू रहेगी। 20 से 26 अक्टूबर तक नमो घाट और आसपास के इलाकों में नगर निगम विशेष सफाई अभियान चलाएगा, ताकि कहीं भी कचरा न रहे और पक्षी आकर्षित न हों। शो देखने के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ेगी। गंगा के गहरे पानी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
घाटों से नदी की तरफ जाने वाले रास्तों पर अवरोधक लगेंगे। शहर में तीन दिन तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। रिंग रोड और हाईवे पर अस्थायी पार्किंग बनाई गई है। प्राइवेट ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। शो हर दिन दोपहर 12 से 2 बजे के बीच 90 मिनट तक चलेगा। दर्शकों के लिए नमो घाट पर पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट और पीने के पानी की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें और तय नियमों का पालन करें।




