हिसार: पर्यावरण संरक्षण के अपने मूल सिद्धांत के प्रति विश्वविद्यालय सजग : नरसी राम बिश्नोई
हिसार, । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
में इस मॉनसून में तीन हजार पौधे रोपित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय के
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बुधवार को विश्वविद्यालय में वन महोत्सव
अभियान की शुरुआत की। कुलपति ने वन महोत्सव अभियान के तहत गुलमोहर का पहला
पौधा लगाया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर ने भी पौधारोपण
किया।
विश्वविद्यालय के बागवानी विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस वन
महोत्सव अभियान के शुभारंभ अवसर पर कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा
कि विश्वविद्यालय पर्यावरण संरक्षण के अपने मूल सिद्धांत के प्रति सजग है
और इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। यह वन महोत्सव इसी दिशा में
विश्वविद्यालय का एक गंभीर प्रयास है। विश्वविद्यालय द्वारा इन पौधों को
रोपित करने के साथ-साथ संरक्षित करने का संकल्प भी लिया जाता है। वन
महोत्सव के दौरान गुलमोहर के अतिरिक्त मोरिगा तथा चांदनी आदि के पौधे भी
लगाए जाएंगे।
कुलसचिव प्रो. विनोद छोकर ने बताया कि इस अभियान के पहले
दिन परिसर में 100 पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय निर्माण
विभाग के प्रभारी प्रो. एचसी गर्ग, अधीक्षक अभियंता सुलतान सिंह, कार्यकारी
अभियंता रघुबीर सिंह सुंडा, कार्यकारी अभियंता सुनील ग्रोवर, उपमंडल
अभियंता राजेश ढांडा, सलाहकार लैंडस्केप पालाराम सहित विभाग के माली तथा
अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।





