फतेहाबाद: विधानसभा चुनावों को लेकर पुलिस मुस्तैद, हथियारों सहित दो युवकों को किया गिरफ्तार
फतेहाबाद। विधानसभा चुनावों को लेकर एसपी आस्था मोदी द्वारा नाजायज हथियार रखने वालों की धरपकड़ के दिए गए निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस ने रतिया व टोहाना से दो युवकों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पहले मामले में सीआईए टोहाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर, उसके पास से एक देशी कट्टा व 4 जिंदा राउंड बरामद किए है।सीआईए टोहाना पुलिस की टीम एसआई जग्गा सिंह के नेतृत्व में विधानसभा चुनावों को लेकर शुक्रवार को गश्त के दौरान राजनगर टोहाना से भूत मार्किट की तरफ जा रही थी। रास्ते में पुलिस को सामने से एक युवक आता दिखाई दिया। उक्त युवक सामने पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और वापस मुड़ कर तेज कदमों से भाखड़ा नहर की पटरी की तरफ जाने लगा। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने पीछा कर युवक को कुछ ही दूरी पर काबू कर लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम सोमबीर पुत्र महाबीर सिंह निवासी इन्द्रा कालोनी टोहाना बताया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक नाजायज देशी कट्टा 12 बोर व चार जिंदा रोंद 12 बरामद हुए। इस पर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर थाना शहर टोहाना में उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।दूसरे मामले में शहर रतिया पुलिस की टीम एएसआई महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गश्त पर थी। टीम जब टोहाना रोड, बाईपास पर शक के आधार पर पैदल आ रहे एक युवक को काबू कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम हैप्पी पुत्र ज्ञानचंद निवासी टिब्बा कालोनी, रतिया बताया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक नाजायज पिस्तौल 315 बोर व 3 जिंदा रौंद बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाना शहर रतिया में उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।





