हजारीबाग जेल से चकमा देकर दो विदेशी कैदी फरार, खोज में लगी पुलिस टीम
हजारीबाग : जेपी केंद्रीय कारा हजारीबाग के डिटेंशन सेंटर से दो विदेशी कैदियों के फरार हो जाने की सूचना है। फरार होने वाले कैदियों के नाम क्रमश: मोहम्मद जावेद हुसैन और जाहिद हुसैन और दोनों कैदी म्यांमार के निवासी बताये जा रहे हैं। बताया गया कि दोनों को केंद्रीय कारा के उस वार्ड में रखा गया था, जहां अंडर ट्रायल अभियुक्तों को रखा जाता है। इसी दौरान मंगलवार को दोनों कैदी सुरक्षार्किमयों को चकमा देकर फरार हो गये। फरार हुए कैदियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। ज्ञात हो कि हजारीबाग जेपी केंद्रीय कारा के गेस्ट हाउस से गत वर्ष 13 सितंबर की देर रात म्यांमार निवासी रोहग्या मुसलमान मो. अब्दुल्ला नामक एक बंदी खिड़की का रॉड काट कर फरार हो गया था। वह भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में तीन साथियों के साथ दुमका में पकड़ा गया था। इसके बाद उसे छह माह की सजा हुई थी। उसने जब 24 जनवरी को सजा पूरी कर ली तो उसे दुमका से हजारीबाग लाकर जेपी केंद्रीय कारा परिसर स्थित गेस्ट हाउस में रखा गया था. यहां से वह फरार हो गया था।





