हिसार में टोल मैनेजर की गोली मारकर हत्या, 130 रुपये के टोल को लेकर हुआ था विवाद; आरोपी फरार

हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र स्थित बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर 130 रुपये के टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद में टोल मैनेजर संजय शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों का टोल कर्मियों के साथ टोल शुल्क को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि टोल मैनेजर संजय शुक्ला ने युवकों से स्थानीय पहचान पत्र दिखाने को कहा, जिस पर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने संजय शुक्ला को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सीन ऑफ क्राइम टीम और बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी दलबीर सिंह पूनिया पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।





