फतेहाबाद : मेडिकल स्टोर से 15 मिनट में नकदी चाेरी कर ले गए चाेर

फतेहाबाद। शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में स्थित मेडिकल शॉप में घुसकर अज्ञात चोर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया। चोरी की यह वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार को पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी ।गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी विनोद कुमार ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब वाली गली में उसकी रितिक मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान है। 4 दिसंबर की शाम को करीब 7 बजे वह दुकान के शीशे वाले गेट को लॉक करके किसी काम से गया था। करीब 15 मिनट बाद जब वह वापस दुकान पर आया तो उसने देखा कि उसकी दुकान का गेट खुला हुआ था। जब वह दुकान में गया तो पाया कि दुकान का गल्ला भी खुला पड़ा था और उसमें रखे करीब 24 हजार 700 रुपये गायब थे। इस पर पहले उसने आसपास तलाश की लेकिन चोर के बारे में कुछ पता नहीं चला।बाद में उसने दुकान में सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पाया कि एक युवक ने उसकी दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दुकान मालिक ने बताया कि जब उसने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो पाया कि आरोपी युवक शाम को दुकान के बाहर चक्कर लगा रहा था। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने चोरी को अंजाम दिया और फरार हो गया। दुकान मालिक विनोद कुमार ने बताया कि रात को ही वह गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी गया तो उसे सुबह शिकायत लेकर आने को कहा गया। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।





