यह लड़ाई लोकतंत्र बनाम वंशवाद के खिलाफ : दीपक प्रकाश
बोकारो थर्मल ः बोकारो थर्मल स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को बेरमो के एनडीए प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल के नामांकन के बाद पहली चुनावी एवं कार्यकर्ता सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि बेरमो के उपचुनाव में लोकतंत्र बनाम वंशवाद, सुशासन बनाम कुशासन, शांति एवं अशांति फैलाने वालों तथा सेवा करने वालों एवं मेवा खाने वालों के खिलाफ लड़ाई है। प्रदेश अध्यक्ष ने एनडीए प्रत्याशी को जीत की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि बेरमो में जब भी एनडीए एकजुट होकर चुनाव लड़ा है तो यूपीए का ठगबंधन चुनाव हारा है। उन्होंने कहा कि राज्य की स्थिति काफी भयावह है और राज्य में सरकार बदलने की आवाज जनता की आवाज है। राज्य में महिलायें, मां एवं बहनें कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। बेरमो एवं दुमका का उपचुनाव राज्य में एनडीए की नयी सरकार गठन की इबादत लिखने का काम करेगा।
मार्च मेें झारखंड में नयी सरकार ः चन्द्र प्रकाश
गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में गुंडा राज कायम हो गया है। मार्च में राज्य में नयी सरकार आयेगी। बेरमो में लूट-खसोट का राज कायम है और इससे निजात पाने के लिए संघर्षशील नेता की जरुरत है।
बेरमो व दुमका प्रत्याशी वंशवाद की उपज ः शाही
सभा को संबोधित करते हुए भवनाथपुर के विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि बेरमो से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई तो बेरमो झरिया और वासेपुर बन जाएगा। बेरमो एवं दुमका के प्रत्याशी वंशवाद की उपज हैं। कहा कि सरकार के काम काज को लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिल रही है। बेरमो में विकास का कोई भी काम नहीं हुआ है।





