फतेहाबाद आई शहीद की पत्नी की गाड़ी के शीशे तोड़े, धमकाया

फतेहाबाद। शहर के सुंदर नगर में एक रस्म पगड़ी में शामिल होने वाली शहीद की पत्नी की स्कॉर्पियो गाड़ी के कुछ लोगों ने देर रात को शीशे तोड़ दिए । आरोपियों ने स्कॉर्पियो गाड़ी पर जमकर ईंटें बरसाईं और शीशे तोड़ डाले। गाड़ी तोडऩे का आरोप पड़ोस में ही रहने वाले ताऊ के परिवार पर ही लगा है। सोमवार सुबह इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, लद्दाख में दो साल पहले खाई में गिरने से 9 जवान शहीद हो गए थे।
उन्हीं में से एक नायब सूबेदार रमेश लाल थे। रमेश लाल की पत्नी गीता स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर अपनी बुआ के निधन के बाद रस्म पगड़ी में शामिल होने आई हुई थी। गीता ने बताया कि वह यहां रविवार शाम को पहुंची थी। इसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी गली में खड़ी की थी। इस पर आपत्ति जताते हुए पड़ोसियों ने उनसे साइड में खड़ी करने के लिए कहा था। उनके कहने के बाद गाड़ी दूसरी तरफ खड़ी कर दी गई थी। इसके बाद देर रात को दो पड़ोसियों ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर स्कॉर्पियो पर जमकर ईंट बरसाई। स्कॉर्पियो के आगे, साइड और पीछे के सारे शीशे तोड़ दिए गए। सुबह मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सिटी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शहीद की पत्नी व उनके भाई के बयान लिए। सिटी थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शहीद की पत्नी के भाई ने बताया कि इस घटना के बाद से परिवार के सदस्यों को धमकियां भी दी गई हैं। इससे उन्हें जान का खतरा भी बना हुआ है।





