मुहर्रम पर नहीं निकलेगा जुलूस और कर्मा की नहीं होगी सामूहिक पूजा
रामगढ़ । कोरोना महामारी के दौरान मुहर्रम और कर्मा त्योहार को लेकर जिला प्रशासन ने गुरुवार को संयुक्त आदेश जारी किया है। इससे संदीप सिंह और एसपी प्रभात कुमार ने कहा है कि ना तो मुहर्रम में जुलूस निकलेगा और ना ही सामूहिक तौर पर कर्मा की पूजा होगी। इस वर्ष मोहर्रम का त्यौहार 30 अगस्त को मनाया जाएगा। साथ ही 29 अगस्त को कर्मा पूजा मनाया जाना है। मोहर्रम पर्व के अवसर पर अखाड़ा में अस्त्र-शस्त्र से खेलने व जुलूस निकाले जाने की परंपरा रही है। कर्मा पूजा के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों, चौक चौराहों पर कर्मा डाढ़ की सामूहिक पूजा व झूमर खेलने आदि की परंपरा रही है।
वर्तमान में कोरोना के प्रकोप के चलते लॉक डाउन घोषित है। किसी भी प्रकार के सामूहिक, धार्मिक आयोजन, जमाव, जुलूस पर पूरी तरह से प्रतिबंध है। लॉकडाउन एवं 2 गज शारीरिक दूरी से संबंधित नियमों के अक्षरश: अनुपालन हेतु जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। रामगढ़ जिला अंतर्गत मुहर्रम पर्व व करमा पूजा के अवसर पर किसी भी प्रकार के धार्मिक, सामूहिक कार्यक्रम एवं जुलूस के आयोजन पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। डीसी और एसपी ने सरकारी निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन कराने, विधि व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए 29 से 31 अगस्त तक की अवधि के लिए जिला अंतर्गत अलग-अलग क्षेत्रों के लिए दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है।





