मंदिर की जमीन पर भूमाफिया की नजर, विधायक ने डीसी को लिखा पत्र
रामगढ़। रामगढ़ विधायक ममता देवी ने भू माफियाओं के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को उन्होंने गोला प्रखंड के कुसुमडीह गांव का दौरा किया। यहां एक मंदिर की 29.56 एकड़ जमीन पर भू माफियाओं की नजर थी। विधायक का यह दौरा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने रामगढ़ डीसी संदीप सिंह को भी इस पूरे मामले की जानकारी दी है। साथ ही यह भी कहा है कि वे उस मुद्दे पर आवश्यक पहल करें, ताकि भू माफियाओं की मंशा विफल हो सके। ममता देवी ने कहा कि कुसुमडीह गांव के कल्याणपुर टोला में खाता संख्या 43 प्लॉट संख्या 398, रकवा 11 एकड़, प्लॉट नम्बर 621 रकवा -18. 56 एकड़ है। उन्हें इस बात की जानकारी दी गई थी, कि यह जमीन श्री श्री 108 श्री सीताराम जी मंदिर हेरमदगा गोला को डीड संख्या 190 द्वारा दिनांक 31 जनवरी 1908 को वसावा सिंह व झंडा सिंह से प्राप्त है । उपरोक्त वर्णित खाता की जमीन गैरमजरूवा है, जिस पर भूमाफियाओं द्वारा गलत तरीके से एकरारनामा कर जमीन को बेचा जा रहा है। विधायक ने डिसी को भी पत्र लिखा कर ध्यान आकृष्ट कराया है, ताकि इस मामले पर त्वरित कारवाई कर वर्णित जमीन को भूमाफियाओं से बचाया जाए।





