टाना भगत विकास प्राधिकार समिति की बैठक संपन्न
मेदिनीनगर। टाना भगतों से संबंधित योजनाओं के कार्यान्वयन को लेकर सोमवार को टाना भगत विकास प्राधिकार की जिलास्तरीय समिति की बैठक हुई। उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में टाना भगत विकास प्राधिकार समिति ने जिलास्तर पर योजनाओं के कार्यान्वयन में गति लाने का निर्देश दिया। बैठक में मौजूद टाना भगत परिवारों के प्रतिनिधि से उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन आप सब के बेहतरी के लिए कार्य कर रही है। डीआरडीए निदेशक सह अपर समाहर्ता स्मिता टोप्पो ने बताया कि
जिले में मौजूद 27 टाना भगत परिवार है, जो पाटन प्रखण्ड में रहते हैं। उन्होंने बताया कि 2 परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास आवंटित किया गया है। वहीं अन्य परिवारों को अम्बेडकर आवास के तहत आवास स्वीकृत किया गया है। साथ ही साथ प्रथम किश्त भी दिया जा चुका है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा आप सभी को आवंटित किये
गए आवास में एक अतिरिक्त रूम बनाने की छूट दी गयी है, जिसके लिए आप सभी को अतिरिक्त 70 हज़ार रुपय उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा उपायुक्त ने कहा कि बनाये जा रहे सभी आवास में शौचालय का निर्माण अवश्य रूप से करें। उसके लिए सभी परिवार के लिए शौचालय स्वीकृत किया जा चुका है। टाना भगत परिवार के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके गांव में किसी जन वितरण प्रणाली के न होने की वजह से उन्हें राशन के लिए 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता हैं। जिस जन वितरण प्रणाली से वो राशन लेते हैं, वो राशन कम देता है। उपायुक्त ने कहा कि टाना भगत परिवारों को स्वस्थ एवं दुधारू गाय देने की जिम्मेवारी हमारी है। आपकी समृद्धि हो तथा आप सभी की आय बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है। बैठक में मौजूद टाना भगत परिवार के प्रतिनिधियों ने बताया कि सिर्फ एक जल मीनार रहने के कारण पीने के पानी को लेकर समस्या आ रही है। उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ग्राम में दो और जल मीनार लगवाने का निर्देश दिया।





