मंत्री दीपिका ने जेएसआईए के सीईओ के साथ की वार्ता
रांची। राज्य के कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ताओं (एआई वर्कर) के लंबे आंदोलन के बाद कृषि, पशुपालन विभाग की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और पशुपालन निदेशक किरण पासी, जेएसआईए के सीईओ के साथ हुई वार्ता में महत्वपूर्ण फैसले लिए गये हैं।एआई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि जेसीआईए के पदाधिकारियों संग चार प्रमुख बिंदुओं पर वार्ता हुई है, जिससे अगले दो सप्ताह में एआई कर्मियों के लिए बड़ी खुशखबरी आ सकती है। वर्ष 2019 से बकाया राशि का भुगतान और कर्मियों के लिए न्यूनतम मजदूरी के आधार पर मजदूरी दिए जाने की मांग सरकार से थी।जेएसआईए की ओर से कहा गया है कि पूर्व की सभी बकाया राशि जिलों को उपलब्ध करा दी गयी है, जो जल्द ही मिल जाएगी। इसके अलावा कर्मियों को वर्तमान में प्रतिमाह मिल निश्चित राशि 1500 को 6000 रुपये करने को विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा। मोबाइल रिचार्ज की राशि 150 की बजाय 300 रुपये करने का भी प्रस्ताव विभाग को जाएगा। एआई कर्मियों को वरीयता के आधार पर नियमित किए जाने पर कहा गया है कि भविष्य में पशुधन सहायक आदि कर्मियों की नियुक्ति मामले में एआइ कर्मियों को वरीयता दी जाएगी। इसी तरह से एआइ कर्मियों के लिए नियमावली तय किए जाने के संबंध में भी सरकार की ओर से सकारात्मक रूख दिखाया गया है।





