नक्सली मुठभेड़ में बलिदान हुए सुकन राम 2011 में आईआरबी में हुए थे बहाल
पलामू,
08 फरवरी । पलामू से सटे चतरा जिले के जोरी थाना बॉर्डर इलाके के
बेरियो थाना क्षेत्र में नक्सली संगठन टीपीसी के साथ बुधवार शाम हुई मुठभेड़
में बलिदान हुए जवान सुकन राम पासवान (30) पलामू जिले के तरहसी थाना
क्षेत्र के ओझापतरा के निवासी थे। सुकन 2011 में बतौर आईआरबी जवान बहाल हुए
थे। 13 वर्ष से पुलिस सेवा में थे। घटना के बाद से जहां गांव में शोक का
माहौल है, वहीं परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। पिता, भाई एवं परिवार के
अन्य सदस्य शव लेने के लिए चतरा गए हुए हैं। वहां पुलिस लाइन में सलामी के
बाद दोपहर तक शव आने की संभावना है। इसके बाद अमानत नदी तट पर दाह संस्कार
किया जाएगा।
परिवार के सदस्यों से मिली जानकारी के अनुसार जवान सुकन
राम पासवान इन दिनों जिला पुलिस में सहायक अवर निरीक्षक की ट्रेनिंग ले
रहे थे। ट्रेनिंग पीरियड में ही उन्हें पोस्ता (अफीम) की खेती नष्ट करने के
लिए लगाया गया था। सुकन अच्छा सिंगर भी थे और गाना गाते हुए कई वीडियो
सोशल मीडिया पर अपलोड भी किए थे।
दशहरा में आए थे घर पर
सुकन
दशहरा में पिछले वर्ष अपने घर ओझा पतरा आए थे। उसके बाद से घर आना नहीं
हुआ था, लेकिन टेलिफोनिक बातचीत होती रहती थी। सुकन की पत्नी सीमा देवी
हाउसवाइफ हैं जबकि दो लड़की और एक लड़का है। बड़ी लड़की सोनिया कुमारी सात
वर्ष की है, जबकि रिया कुमारी 5 वर्ष और छोटा पुत्र कार्तिक पासवान अभी 2
साल का है। पिता अमरजीत पासवान खेती किसानी करते हैं। मां का नाम कौशल्या
देवी है।
दो भाई जिला पुलिस में, दो भाई करते हैं खेती किसानी
सुकन
के चार भाई हैं। सुकन चौथे नंबर पर थे। बड़े भाई प्रदीप पासवान खेती
किसानी करते हैं जबकि मंझले भाई बजरंगी पासवान जिला पुलिस के जवान हैं और
टाटा में पोस्टेड हैं। इसी तरह तीसरे नंबर के भाई त्रिवेणी पासवान जिला
पुलिस के ही जवान हैं और मेदिनीनगर में कार्यरत हैं। छोटा भाई अखिलेश
पासवान पिता के साथ खेती-बाड़ी करता है।
उल्लेखनीय है कि चतरा जिले
के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम पुलिस और नक्सलियों के बीच
हुई मुठभेड़ में दो जवान बलिदान और दो घायल हो गए थे। बलिदान हुए जवानों
में कांस्टेबल सिकंदर सिंह और सुकन राम शामिल हैं जबकि दो जवान घायल हैं।
इनमें गंभीर रूप से घायल आकाश सिंह को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया। आकाश
सिंह को आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि एक जवान का इलाज चतरा
में चल रहा है।





