फतेहाबाद: विद्यार्थियों ने वोट की आकृति बनाकर दिया चुनाव में भागीदारी का संदेश
फतेहाबाद। हरियाणा विधानसभा चुनावों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं एडीसी राहुल मोदी के निर्देशानुसार विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही। शनिवार को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शक्करपुरा के विद्यार्थियों ने वोट के अक्षरों का आकार बनाते हुए पंक्तियों में बैठकर मतदान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का उद्देश्य पहली बार मतदान करने वालों और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना और प्रोत्साहित करना था। छात्रों ने नागरिक कर्तव्य और मतदान के महत्व को फैलाने में एक केंद्रीय भूमिका निभाई। छात्रों ने विभिन्न रंग-बिरंगे परिधानों में वोट के अक्षरों वी, ओ, टी और ई का आकार बनाते हुए बैठकर मतदान का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया। इस रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने मतदान के महत्व का सशक्त संदेश दिया कि प्रत्येक मत लोकतंत्र के निर्माण में कितना महत्वपूर्ण होता है।विद्यार्थियों ने युवाओं व बुजुर्गों सहित सभी मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए रचनात्मक तरीके से भाग लिया, खासकर नए मतदाताओं को अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण यह था कि छात्रों ने प्रतीकात्मक रूप से लाइन में खड़े होकर मतदान करने का संदेश दिया। अध्यापकों ने छात्रों के इस प्रदर्शन को व्यापक रूप से सराहा सभी नागरिकों से आह्वान किया कि आने वाली पांच अक्टूबर को सभी मतदाता अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचेंगे और अपना वोट अवश्य डालेंगे।





