पांच जून तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान
मोबाइल वैक्सीनेशन वैन की भी ली जाएगी मदद : सिविल सर्जन
मेदिनीनगर : कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अहम माध्यम है। टीकाकरण की बदौलत ही कोरोना के खिलाफ जंग में फतह हासिल कर सकते हैं। इसलिए हरेक लोगों को टीका लेना जरूरी है। उक्त बातें पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कही। उन्होंने बताया कि जिले भर में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। पांच जून तक यह अभियान चलेगा। इसका उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना से बचाव का टीका दिया जा सके। 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण के लिए प्रखंड स्तरीय टीम भी गठित है। सभी प्रखंडों में आवश्यकतानुसार टीकाकरण केंद्र का निर्धारण कर लिया गया है। टीकाकरण केंद्र वैसे स्थानों पर बनाया गया है जहां अधिक से अधिक लोग पहुंच सके। बताया कि कई गांव ऐसे जहां दूरी के कारण कई लोग पहुंचने में असमर्थ होंगे। वैसे लोगों के लिए घर-घर पहुंचकर टीकाकरण की व्यवस्था है। टीकाकरण के समय सहिया, सेविका, सहायिका व स्वयं सहायता समूह की महिलाएं लोगों को घरों से टीकाकरण स्थल तक लाने के लिए कार्य करेंप्। कहा कि अकसर देखा जाता है कि यह सारे लोग टीकाकरण स्थल पर ही बैठे रहते हैं। हालांकि इनका कार्य जन जागरूकता का है। इस बार सभी प्रखंडों में मोबाइल वैक्सीनेशन वैन की व्यवस्था भी की जाएगी। उद्देश्य है कि सुदूर क्षेत्रों में सूचना मिलने पर वहां जाकर लोगों का टीकाकरण किया जा सके। सिविल सर्जन ने कहा कि केंद्रों पर 10 लाभार्थी के पहुंचने के बाद ही टीका का एक वायल खोला जाता था। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। चार-पांच लोग के पहुंचते ही टीकाकरण कर दिया जाएगा। शेष बचे टीका का इस्तेमाल भी ससमय क्षेत्र में होगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग के बदौलत टीकाकरण का शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लेंगे।





