कैथल में जन संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: जनप्रतिनिधि बनें जनता की उम्मीदों के सच्चे प्रहरी, समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान

कैथल में जन संवाद कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: जनप्रतिनिधि बनें जनता की उम्मीदों के सच्चे प्रहरी, समस्याओं का प्राथमिकता से करें समाधान
कैथल, 12 जुलाई — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को कैथल में आयोजित जन प्रतिनिधि सम्मेलन एवं जन संवाद कार्यक्रम के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद, ब्लॉक समिति, जिला परिषद और पार्षद जैसे प्रतिनिधियों का जनता से सीधा जुड़ाव होता है, ऐसे में उनके कर्तव्य और जवाबदेही कहीं अधिक होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि धरातल पर उनका प्रभावी क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने ग्राम पंचायतों से लेकर जिला परिषदों तक विकास कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि मुहैया कराई है। हाल ही में स्थानीय निकायों को 700 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई है, जिससे विकास की गति को बल मिलेगा।
श्री सैनी ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे जल संरक्षण, स्वच्छता, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे फ्लैगशिप अभियानों को अपने क्षेत्रों में जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने गली निर्माण से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और समन्वय का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में पाइपलाइन या अन्य कार्यों के चलते नागरिकों को कोई असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान भारत योजना का लाभ सुनिश्चित कराने हेतु आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग देने की अपील की। साथ ही उन्होंने 2 किलोवाट सौर पैनल लगाने के लिए भी नागरिकों को प्रेरित करने की बात कही, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और परिवारों को बिजली खर्च से राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग और जिला परिषद चेयरपर्सन कर्मवीर कौल ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं मांग पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। श्री सैनी ने जनता से सीधे संवाद कर एक-एक शिकायत को सुना और भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का समाधान समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, कृषि और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में विधायक सतपाल जांबा, पूर्व मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, कुलवंत बाजीगर सहित प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





