सोनीपत: निफ्टेम कॉलेज के सुरक्षा गार्ड पर जानलेवा हमला, छह आरोपियों पर केस दर्ज

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली स्थित निफ्टेम कॉलेज में तैनात एक सुरक्षा गार्ड पर ड्यूटी समाप्त होने के बाद जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुंडली निवासी कृष्णपाल ने बताया कि वह अनुसूचित जाति समुदाय से हैं और निफ्टेम कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह कॉलेज के गेट नंबर-2 पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान कॉलेज में कार्यरत सुरक्षा गार्ड अतुल ने उन्हें दूसरी जगह ड्यूटी करने के लिए कहा। अधिकारियों के आदेश के बिना ड्यूटी स्थल छोड़ने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि जाते समय अतुल ने ड्यूटी खत्म होने के बाद देख लेने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, रात करीब 10 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद कृष्णपाल अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। कॉलेज के बाहर गोल चक्कर के पास अतुल ने अपनी कार स्कूटी के सामने रोक दी। आरोप है कि कार में मौजूद तीन लोगों और बाइक से पहुंचे दो अन्य युवकों समेत कुल छह लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और लाठी-डंडों से सिर व शरीर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से कृष्णपाल बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
होश आने के बाद कृष्णपाल ने डायल-112 पर घटना की सूचना दी। उनका एक मित्र उन्हें जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। पीड़ित ने अपनी मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को सौंप दी है।
कुंडली थाना पुलिस ने अतुल सहित छह आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।





