बैंक ऑफ बड़ौदा में उड़ा रही सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
रामगढ़ । जिले के बैंकों को पुलिस कोविड-19 को लेकर अलर्ट कर रहा है। लेकिन बैंक सोशल डिस्टेंसिंग जैसे सबसे महत्वपूर्ण निर्देश की धज्जियां उड़ा रहा है। इसका उदाहरण शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य गेट पर ही देखने को मिला। शुक्रवार को यहां दर्जनों ग्राहक पहुंचे हुए थे। लेकिन उन लोगों के बीच कोई शारीरिक दूरी नहीं थी। बैंक के बाहर मौजूद गार्ड ना तो उन लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठने को कह रहा था, और ना ही उन लोगों को बाद में आने की सलाह दे रहा था। बैंक परिसर में घुसने के लिए दरवाजे पर ही दर्जनों ग्राहक एक साथ बैठ गए थे। विदित हो कि 2 दिन पहले ही 26 अगस्त को रामगढ़ एसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर थाना प्रभारी विद्या शंकर ने शहर के सभी बैंकों का जायजा लिया था। वहां सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरे की अद्यतन स्थिति उन्होंने जानी थी। साथ ही कोरोना महामारी की वजह से सरकार द्वारा जारी किए गए निर्देशों का अनुपालन करने का आदेश भी दिया था। पुलिस की इस पहल का बैंक कर्मियों पर कोई असर नहीं हुआ। वह अपने पुराने ढर्रे पर ही कायम रहे। बैंक के अंदर ग्राहकों की भीड़ और दरवाजे पर लोगों का जमावड़ा, यह बता रहा था कि बैंक प्रबंधन पूरी तरीके से लापरवाह है। उसे ना तो कोरोना का डर है, और ना ही उन्हें संक्रमण फैलने का संदेह। यहां तक कि बैंक के मुख्य द्वार पर खड़े लोगों को ना तो सैनिटाइजर मिल रहा था, और ना ही वहां हैंडवाश की कोई व्यवस्था ही थी। कई लोग तो ऐसे थे जिन्होंने मास्क भी नहीं पहन रखा था।





