एसडीओ ने किया खाद्य दुकानों का निरीक्षण
मेदिनीनगर। उपायुक्त शशि रंजन के निर्देश पर गुरुवार को छत्तरपुर अनुमंडल पदाधिकारी एनपी गुप्ता ने छत्तरपुर प्रखंड में स्थित खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि दुकानदारों द्वारा 45 किलो यूरिया का पैकेट 320 रुपए में किसानों को दिया जा रहा था, जबकि पैकेट पर मूल्य 266 रुपए दर्ज था। दुकानदारों से पूछने पर पता चला कि मेदिनीनगर के डिस्ट्रीब्यूटर के द्वारा उन्हें यह 45 किलो का पैकेट ₹280 में दिया जाता है। गाड़ी भाड़ा अधिक होने के कारण उठाव-उतार लगाकर उन्हें यह यूरिया का पैकेट ₹310 पड़ जाता है। दुकानदार ने बताया कि वह किसानों को 10 से 20 रुपए मुनाफा लेकर यूरिया बेचते हैं तथा अधिकतर किसान यूरिया को खुदरा लेते हैं। छत्तरपुर एसडीओ ने दुकानदारों को यूरिया वास्तविक मूल्य पर ही बेचने का निर्देश दिया तथा इस संदर्भ में जिला कृषि पदाधिकारी को कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजा है। उपायुक्त शशि रंजन ने बताया कि 45 किलो यूरिया के पैकेट का मूल्य मात्र 266 रुपए है। उपायुक्त ने सभी प्रखंड में टीम बनाकर प्रखंडों में बिकने वाले यूरिया के दामों पर नजर रखने का निर्देश दिया है।





