Sanjay Gupta की बेटी ने Paparazzi को दिखाया Middle Finger, पत्नी मांगी प्राइवेसी बोलीं- Content...
फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन के बाद उनकी बेटी का पैपराजी को मिडिल फिंगर दिखाने वाला वीडियो वायरल होने से वो ट्रोल हो रही हैं। अब पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने मिलाप जावेरी के जरिए स्टेटमेंट जारी कर प्राइवेसी मांगी है। उन्होंने कहा, बच्चे लाइमलाइट से दूर पले-बढ़े हैं, पिता की मौत के गम में रिएक्ट कर बैठे। मीडिया बच्चों को अकेला छोड़ दे और ये कंटेंट डिलीट कर दे, ताकि वो इस दर्द से उबर सकें।

बॉलीवुड फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन के बाद उनका परिवार एक और मुश्किल में घिर गया है। 30 अक्टूबर की रात वर्सोवा स्थित घर में एक्सीडेंटल फॉल से सिर में गंभीर चोट लगने से 57 साल के संजय गुप्ता का निधन हो गया। परिवार अभी इस सदमे से उबरा भी नहीं था कि सोशल मीडिया पर उनकी बेटी का एक वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद बेटी को जमकर ट्रोल किया जाने लगा। अब इस पूरे मामले पर संजय गुप्ता की पत्नी अनुराधा लेखी गुप्ता ने चुप्पी तोड़ी है। संजय गुप्ता के अंतिम संस्कार के बाद का एक वीडियो सामने आया था। कार में बैठकर श्मशान से निकलते वक्त उनकी बेटी दलाई पैपराजी को मिडिल फिंगर दिखाती नजर आई।
कार के पीछे बैठा बेटा शिवांश भी ऐसा ही इशारा करता दिखा। वीडियो में बेटी का चेहरा कपड़े से ढका था और कुछ यूजर्स को लगा कि वो हंस रही है। इसी क्लिप के वायरल होते ही नेटिजेंस ने दोनों बच्चों को संस्कारों पर ज्ञान देना शुरू कर दिया। कई लोगों ने कहा कि पिता के अंतिम संस्कार के दिन ऐसा बिहेवियर अशोभनीय है। बेटी की ट्रोलिंग से आहत अनुराधा ने फिल्ममेकर मिलाप जावेरी के जरिए एक इमोशनल स्टेटमेंट जारी किया है। अनुराधा ने लिखा- "हमारी जिंदगी का एक हिस्सा हमेशा के लिए चला गया है। इस क्षति की भरपाई कभी नहीं हो सकती। अचानक गिरने से संजय के सिर में चोट लगी और वो चल बसे। संजय अपने परिवार और बच्चों से बेहद प्यार करते थे।"
अनुराधा ने आगे बताया कि उनके बच्चे लाइमलाइट और पैपराजी कल्चर से दूर पले-बढ़े हैं। इसलिए श्मशान के बाहर अचानक कैमरों से घिरने पर वो बुरी तरह डिस्टर्ब हो गए। उन्होंने कहा, "दुख और तकलीफ के समय बच्चों के कुछ रिएक्शन मीडिया से जुड़े लोगों की तरफ हो सकते हैं। अगर इससे किसी को ठेस पहुंची है तो मुझे इसका खेद है। मैं सभी से विनती करती हूं कि वो रिएक्शन को समझें। ये उन रोते-बिलखते बच्चों की भावनाएं हैं जो अपने पिता को खो चुके हैं।" अनुराधा ने हाथ जोड़कर अपील की, "मैं मीडिया से विनती करती हूं कि वो बच्चों को अकेला छोड़ दें। उस कंटेंट को डिलीट कर दें जो बच्चों के इमोशंस को कुरेदने वाला हो।
उन्हें प्राइवेसी और स्पेस दें, ताकि वो अपने पिता की मौत के दर्द से उबर सकें। ऐसा कंटेंट उनके कोमल मन पर हमेशा के लिए निशान छोड़ सकता है।" स्टेटमेंट वायरल होने के बाद अनुराधा ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट कर लिया है। बता दें, संजय गुप्ता और अनुराधा की लव स्टोरी काफी चर्चित रही है। दोनों ने 1997 में शादी की थी, 2003 में तलाक हुआ और फिर 2009 में दोबारा शादी कर ली। उनके दो बच्चे हैं। पुलिस ने इस मामले में ADR दर्ज की है और परिवार ने किसी तरह के संदेह से इनकार किया है।
विषय




