रन फॉर यूनिटी : फतेहाबाद में सीएम ने लगाई दौड़, युवाओं पर की फूलों की वर्षा

फतेहाबाद। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में फतेहाबाद में राज्य स्तरीय रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने शुक्रवार को पंचायत भवन से रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने दौड़ में भाग ले रहे युवाओं पर पुष्प वर्षा भी की तथा युवाओं के साथ करीब डेढ़ किलोमीटर की दौड़ भी लगाई।रन फॉर यूनिटी को लेकर जिलावासियों में जबरदस्त उत्साह देखा और हजारों की संख्या में युवाओं ने इसमें भाग लिया। पंचायत भवन से शुरू हुई यह दौड़ परशुराम चौक, एमसी कॉलोनी मोड़, लालबत्ती चौक, रतिया रोड होते हुए एमएम कॉलेज के मैदान में संपन्न हुई। जिला प्रशासन की ओर से 76 स्कूलों के 10 हजार से अधिक स्टूडेंट्स बुलाए गए थे। बाकायदा इन स्टूडेंट्स को लाने के लिए रोडवेज विभाग की बसें भेजी गई थी। इसके अलावा खेल विभाग के खिलाडिय़ों, रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों, कॉलेजों के स्टूडेंट्स व भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसमें हिस्सा लिया। पंचायत भवन में विद्यार्थियों द्वारा शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया। सुबह करीब साढ़े सात बजे सीएम सैनी इस मंच पर पहुंच गए। मंच पर सीएम के साथ पूर्व विधायक दुड़ाराम, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, आईपीएस पंकज नैन, डीसी विवेक भारती, एसपी सिद्धांत जैन मौजूद रहे जबकि हरियाणा सरकार में एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा और एससी आयोग के चेयरमैन रविन्द्र बलियाला को मंच से नीचे ही खड़ा होना पड़ा। सीएम ने कहा कि सरदार पटेल के चरणों में नमन करता हूं। कल हरियाणा दिवस की अग्रिम शुभकामना देता हूं। यह दिन सरदार पटेल के दृढ़ संकल्प की याद दिलाता है। उन्होंने एकता के सूत्र में पिरोया। रन फॉर यूनिटी को लेकर फतेहाबाद के लोगों का जोश उत्साह भरा हुआ है। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाओं की उपस्थिति प्रमाण है कि एक भारत का पटेल का सपना हर किसी के दिल में धडक़ रहा है। यह दौड़ शारीरिक गतिविधि नहीं है, यह दौड़ एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प है। यह हमें ताकत, अनुशासन, सहनशक्ति देती है। पटेल एक व्यक्ति नहीं विचारधारा थे। उन्होंने रियासतों को जोड़ कर अखंड भारत का निर्माण किया। युवा शक्ति को यह संदेश देती है कि देश को अपने मन से सशक्त बनाए। उन्होंने सभी को एकता की शपथ दिलाई।





