लालू से मिल के बिहार लौट रहे राजद नेता की सड़क दुर्घटना में मौत, दो घायल
हजारीबाग। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने रांची आये सहरसा (बिहार) के पूर्व जिला पार्षद सह राजद नेता बिहरा थाना के बिजलपुर निवासी विजेन्द्र यादव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बरही थाना क्षेत्र के बरसोत ग्राम स्थित जीटी रोड पर खड़े एक टैंकर से एक अल्टो कार की जोरदार भिड़ंत में राजद का एक नेता की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है। मृतक एवं दोनों घायलों को बरही थाना की पुलिस ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सहरसा (बिहार), बिहरा थाना अंतर्गत विजलपुर ग्राम निवासी विश्वनाथ यादव का पुत्र राष्ट्रीय जनता दल के नेता विजेंद्र यादव (60) थे। वहीं गंभीर रूप से घायल सहरसा (बिहार) सोनबरसा बाजार थाना अंतर्गत कप ग्राम निवासी परमेश्वनी राम का पुत्र योगेंद्र राम (55) एवं सहरसा रतिया विहरा ग्राम निवासी तुरंती यादव का पुत्र छोटेलाल यादव (56) को प्राथमिक उपचार बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि अल्टो कार से तीनों सहरसा से रांची राजद के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भेंट करने जा रहे थे। सहरसा से चैपारण होते हुए रांची जाने के लिए वे लोग बरही चौक न आकर रास्ता भटककर बायपास रोड पकड़कर बरसोत पहुंच गए थे, जहां दुर्घटना हुई। पुलिस ने मृतक व घायलों के परिजनों को दूरभाष पर सूचना दे दी है। गंभीर रूप से घायल योगेंद्र राम भी राजद के नेता हैं। उनकी भी हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इधर, प्राप्त सूत्रों के अनुसार मृतक विजेंद्र यादव अपने क्षेत्र में दो बार जिला परिषद एवं दो बार मुखिया के पद पर रह चुके हैं। इस बार वे राजद के टिकट पर महेशी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसी को लेकर वे रांची में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से भेंट करने जा रहे थे।





