छात्राओं की सुरक्षा में बड़ी चूक कर रहा है रांची विश्वविद्यालय : आजसू
रांची। चांसलर पोर्टल के माध्यम से चल रहे नामांकन प्रक्रिया के तहत विभिन्न महाविद्यालयों द्वारा प्रकाशित नामांकन मेरिट लिस्ट में छात्र छात्राओं के मोबाइल नम्बर अंकित होने से छात्राओं की निजता का हनन हो रहा है। छात्राओं को कई अज्ञात नम्बर से कॉल या मैसेज के माध्यम से परेशान किये जाने का सिलसिला प्रारम्भ हो गया है। यह बातें आजसू नेत्री सह रांची महिला महाविद्यालय छात्र संघ अध्यक्ष सीमा कुमारी महतो ने गुरुवार को कहीं।
सीमा ने कहा कि अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से इस मामले की जानकारी कुलपति कार्यालय और रांची विश्वविद्यालय के कुलसचिव अमर कुमार चैधरी को देते हुए नामांकन मेरिट लिस्ट से मोबाइल नम्बर हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आजसू छात्र छात्राओं के हित मे कार्य करती आई है। यही कारण है कि विश्वविद्यालय द्वारा हुई गलती से हमने विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत करा कर अविलंब विषय की गंभीरता पर संज्ञान लेने का मांग किया है।
रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय की उपसचिव सोनाली कुमारी ने कहा कि राँची विश्वविद्यालय के द्वारा छात्राओं की सुरक्षा से संबंधित यह बड़ी चूक हुई है। कई छात्राओं ने इससे संबंधित शिकायत उन्हें और आजसू के विभिन्न महाविद्यालय के प्रतिनिधियों को की है। मेरिट नामांकन सूची में अंकित मोबाइल नम्बर सार्वजनिक हो जाने से छात्राओं के साथ अभद्रता बढ़ गयी है। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय प्रशासन को छात्राओं की सुरक्षा और मानसिक रूप से प्रताड़ना से बचाने के लिए ठोस निर्णय लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि मोबाइल नम्बर सुगमता से उपलब्ध हो जाने से मनचलों एवं असामाजिक ततयों को एक सुगम अवसर मिल जायेगा जिसके भयावह परिणाम भी सामने आ सकते है।
इस अवसर पर जमाल गद्दी, पप्पू कुमार महतो, शाहबाज आलम, अनिल कुमार राणा, सीमा कुमारी, साक्षी कुमारी आदि उपस्थित थी।





