संस्कार भारती की प्रांतीय साधारण सभा ऑनलाइन आयोजित
हजारीबाग। कला एवं साहित्य के क्षेत्र में काम करने वाली संस्कार भारती की दो दिवसीय प्रांतीय साधारण सभा ऑनलाइन संपन्न हुई। दो दिवसीय संपन्न ऑनलाइन साधारण सभा में राज्य के डेढ़ दर्जन समितियों एवं प्रान्त के अधिकारियों सहित 80 से अधिक अपेक्षित प्रतिनिधि शामिल हुए। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता अखिल भारतीय संगठन मंत्री अभिजीत गोखले ने कहा कि कला व साहित्य के माध्यम से समाज की चुनौतियों का समाधान प्रस्तुत किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि संस्कार भारती कलाकारों का संगठन है यह जन संगठन नहीं है। ऐसे में कला एवं साहित्य के माध्यम से हमें समाज की समस्याओं के समाधान का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कलाकारों से संपर्क व संवाद कर उन के माध्यम से प्रस्तुति के द्वारा समाज में विचारों को व्यक्त करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि कला क्षेत्र भारतीय चिंतन के आधार पर चले, इस दिशा में सोचने और कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने समाज की चुनौतियों की चर्चा करते हुए कहा कि यह सही है कि देश में हिंदुत्व विचारधारा का प्रभाव बढ़ रहा है, लेकिन हिंदू मूल्यों का क्षरण हो रहा है। परिवार व्यवस्था हमारी विशेषता रही है, पर्यावरण रक्षा हमारे महत्वपूर्ण आयाम रहे हैं, लेकिन इन दोनों में इन दिनों गिरावट आ रही है। ऐसे में समाज को सकारात्मक दिशा देने की जरूरत है। हम कला के माध्यम से इस दिशा में अपना योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हम वैचारिक कुरुक्षेत्र में खड़े हैं, ऐसे में हमें भारतीय परंपरा व चिंतन पर आधारित कला की प्रस्तुति कर लक्ष्य की ओर तेज गति से बढ़ने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा व चिंतन पर आधारित कला का विकास हमारा लक्ष्य है। इसे ही हमें अपनी पहचान बना कर काम करने की जरूरत है।
संगठन में किए गए कई बदलाव
दो दिवसीय ऑनलाइन प्रांतीय साधारण सभा के दौरान ही संगठन में कई लोगों को दायित्व सौंपा गया। रांची के आशुतोष प्रसाद को प्रांतीय साहित्य विधा का सह प्रमुख बनाया गया, वही गुमला के शंकर नायक को लोक कला विधा का सह प्रमुख, हजारीबाग के चार्टर्ड अकाउंटेंट विकास कुमार वर्मा को प्रांत के सह कोषाध्यक्ष बनाए गए। जमशेदपुर के देवव्रत बनर्जी प्रांत की कार्यकारिणी में बतौर सदस्य शामिल किए गए। धनबाद में मृणमय सरकार को जिला प्रमुख बनाया गया, वही विवेक कुमार मिश्र मेदिनीनगर के जिला प्रमुख बने। आनंद प्रकाश गढ़वा के डंडई इकाई के संयोजक बनाए गए, वहीं मेदिनीनगर के ही चैनपुर में उमेश कुमार गुप्ता को, छिपादोहर में पुष्पा देवी को संयोजक बनाया गया। चतरा में प्रवीण कुमार दुबे संयोजक बने, वही जोरी में सोनल पांडे संयोजक बनाए गए। धनबाद के गोमो में वासुदेव चक्रवर्ती संयोजक बने, जोड़ापोखर में संविता मुखर्जी संयोजक बनी, निरसा में रूमा चंद्रा संयोजक बनाई गई।





