हिसार: सोशल मीडिया पर झूठी व भ्रामक पोस्ट डालने वालों पर की जाए कार्रवाई : एडीजीपी
हिसार,। हिसार रेंज के एडीजीपी डॉ. एम. रवि किरण ने रेंज के सभी
पुलिस अधीक्षकों को सोशल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर पैनी नजर बनाए रखने के
निर्देेश दिए हैं। उन्होने कहा कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव 25 मई को होने
हैं और चुनाव आयोग से मिले निर्देशों की अनुपालना मे रेंज में शांति एवं
सौहार्द के वातावरण मे चुनाव सम्पन्न करवाना पुलिस का परम दायित्व है।
एडीजीपी
डॉ. एम. रवि किरण ने कहा कि ऐसे अवसर पर असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का भी
सहारा लेते है। सोशल मीडिया पर झूठे व भ्रामक पोस्ट डालकर व प्रचार करके
आमजन को गुमराह कर सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाते है। इस प्रकार की
झूठ व सनसनी फैलाने वाली पोस्टों से समाज मे असंतोष की भावना को बढावा
मिलता है वहीं कानून व्यवस्था की स्थिति भी खराब होने की संभावना बनी रहती
है। एडीजीपी ने कहा कि ऐसे तत्व व्यक्तिगत तौर पर भी लोगों को उकसाने का
प्रयास करते है। उन्होंने रेंज के पुलिस अधीक्षकों से ऐसे लोगों पर पैनी
नजर रखने व खुफिया तंत्र को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने किसी भी प्रकार की फेक व लोगों में सनसनी फैलाने वाली पोस्टों पर
सख्ती से अंकुश लगाने व ऐसी पोस्ट अथवा अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर
प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि भ्रामक व झूठी
खबरों, पोस्टों से क्षेत्र मे माहौल खराब होता है वहीं कानून व्यवस्था के
लिए भी खतरा पैदा होता है।
एडीजीपी ने आमजन से भी अपील की
है कि बिना सच्चाई जाने अफवाह फैलाने वाली किसी भी पोस्ट व वीडियो को
फॉरवर्ड ना करें व अफवाहों से बचें। उन्होंने कहा असामाजिक तत्व आमजन,
युवाओं व छात्रों को भी भ्रमित कर उन्हें भी गैर कानूनी कार्य करने के लिए
उकसाते है, ऐसे लोगों से सावधान रहे, अपने बच्चों व परिवार का ख्याल रखें।
एडीजीपी ने रेंज के सभी जिलों में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से एवं
सौहार्दपूर्ण माहौल मे सम्पन्न करवाने की पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराते
हुए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।





