दिल्ली बम बलास्ट के बाद जींद में हाई अलर्ट

जींद। दिल्ली के लाल किले के निकट सोमवार रात हुए बम विस्फोट के बाद जींद जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। मंगलवार को चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात रहे तथा आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। शहर के चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिन ने बाकायदा होटलों में भी सघन जांच करते हुए दिशा-निर्देश दिए गए कि कोई भी संदिग्ध अगर कमरा लेने के लिए आता है तो तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को मुहैया करवाई जाए।सिविल लाइन थाना जींद द्वारा दिल्ली में हुए बम विस्फोट के संदर्भ में थाना सिविल लाइन एरिया में गश्त की गई और परशुराम चौक और जेल के सामने वाले नाके पर आने-जाने वाले व्हीकल की चेकिंग की गई। हालांकि चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला है। वहीं थाना प्रबंधक शहर नरवाना, सदर नरवाना, गढी तथा चौकी धमतान, दनौदा पुलिस द्वारा डूमरखां कैंची चौक, हथो चौक, दनौदा, धमतान चौकी के सामने, गढ़ी थाना के सामने, विश्वकर्मा चौक, भगत सिंह चौक नरवाना पर नाकाबंदी की गई चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला है।इसी तरह थाना सदर जींद एरिया कैथल रोड पर, रोहतक रोड, मिनी बाईपास चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय के सामने, टेंडरी मोड़ जींद, हांसी रोड पर नाका लगा कर चेकिंग अभियान चलाया गया।मंगलवार को एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि दिल्ली में हुई घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर जींद पुलिस की जिले भर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर व्यापक चेकिंग अभियान के तहत जांच की जा रही है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि किसी भी गलत अफवाह पर ध्यान ना दें। कोई भी आपत्तिजनक सामान दिखने या आपातकालीन स्थिति में डायल 112 या नजदीकी पुलिस स्टेशन में तुरंत सूचना दें। भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और धार्मिक स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जाए।





