पुलिस ने अवैध शराब निर्माण के खिलाफ चलाया छापेमारी अभियान
हरिहरगंज : हरिहरगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र के सुदूरवर्ती खड़गपुर और सरसोत पंचायत क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया । इस दौरान पुलिस निरीक्षक ह थाना प्रभारी वंशनारायण सिंह के नेतृत्व में चलाए गए छापेमारी अभियान में पुलिस ने सरसोत के लुकुवा गांव के नौलखा पुल स्थित हड़ही नदी किनारे झाड़ी में तथा खड़गपुर के भुलाईडीह में संचालित अवैध शराब के दो भट्टी को ध्वस्त किया । जबकि 17 ड्राम में रखे गये करीब 8 क्विंटल जावा महुआ और बड़ी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण को नष्ट किया । हालांकि पुलिस के आने की भनक लगते ही भट्टी संचालक जंगल झाड़ी का लाभ लेकर फरार हो गये । इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी वंशनारायण सिंह ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार को समाप्त करने के लिए अभियान क्षेत्र में लगातार जारी रहेगा । छापेमारी अभियान में एसआई अवध किशोर पाण्डेय सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे ।





