प्रधानमंत्री मोदी ने रानिल विक्रमसिंघे को श्रीलंका का राष्ट्रपति चुने जाने पर दी बधाई
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रानिल विक्रमसिंघे को पत्र लिखकर श्रीलंका के 8वें राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है। साथ ही आशा व्यक्त की है कि उनका कार्यकाल आर्थिक स्थिरता लाएगा और श्रीलंका के सभी नागरिकों की आकांक्षाएं पूरी करेगा।प्रधानमंत्री ने सोमवार को लिखे पत्र में कहा कि राष्ट्रपति विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के लिए महत्वपूर्ण समय में शीर्ष पद ग्रहण किया है। वे उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हैं।मोदी ने कहा कि श्रीलंका के एक घनिष्ठ मित्र और पड़ोसी के रूप में भारत स्थापित लोकतांत्रिक साधनों, संस्थानों और संवैधानिक ढांचे के माध्यम से स्थिरता और आर्थिक सुधार के लिए श्रीलंका के लोगों की अपेक्षाओं का समर्थन करना जारी रखेगा।उन्होंने कहा कि वे दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक लाभ के लिए और उनके बीच सदियों पुराने घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने की आशा करते हैं।उल्लेखनीय है कि आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका में हाल ही में जन आंदोलन के चलते राष्ट्रपति गोतबया राजपक्षे देश छोड़कर भाग गए थे। उनके स्थान पर रानिल विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति चुना गया था।





