मोहर्रम को लेकर जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठक
रामगढ़। मुहर्रम त्यौहार को शांतिपूर्वक मनाया जाने को लेकर जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठक की गई। एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 29 अगस्त को कर्मा पूजा है। 30 अगस्त को मुहर्रम मनाया जाना है। इन दोनों त्योहारों को लोग अपने घर में ही मनाएंगे। ना तो कोई सामूहिक पूजा होगी और ना ही मोहर्रम को लेकर कोई जुलूस निकाला जाएगा। इस बिंदु पर जिले के तमाम अखाड़ों के लोगों को अलर्ट किया गया है। उन्होंने बताया कि रामगढ़, पतरातू, मांडू, रजरप्पा, गोला थाना सहित सभी ओपी में भी प्रबुद्ध नागरिकों के साथ गुरुवार को बैठक की गई है। लोगों को सरकारी निर्देश और लॉक डाउन से संबंधित आदेशों का पालन करने को कहा गया है। रामगढ़ थाने में इंस्पेक्टर विद्याशंकर के नेतृत्व में बैठक की गई। विद्याशंकर ने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन पर पाबंदी है। इस वजह से इस वर्ष मुहर्रम को लेकर किसी प्रकार का जुलूस नहीं निकालेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर ना तो मजमा लगेगा और ना ही सामूहिक तौर पर पूजा में लोग शामिल होंगे।





