फतेहाबाद : भट्टू पंचायत समिति चेयरपर्सन के खिलाफ 17 पार्षदों ने की अविश्वास पर वोटिंग की मांग

फतेहाबाद। जिले की भट्टू पंचायत समिति की चेयरपर्सन ज्योति लूणा को कुर्सी से हटाने के लिए एक बार फिर सदस्यों ने बगावत कर दी है। पंचायत समिति 21 में से 17 सदस्यों ने मंगलवार को कार्यवाहक डीसी अनुराग ढालिया से मुलाकात की और अविश्वास प्रस्ताव पर जल्द मीटिंग बुलाने की मांग की। विरोध सदस्यों का नेतृत्व वाइस चेयरमैन बंसी लाल ने किया। बंसीलाल को पूर्व विधायक दुड़ाराम का समर्थक माना जाता है।
बता दें कि, इससे पहले भी 31 दिसंबर 2024 को चेयरपर्सन ज्योति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मीटिंग बुलाई गई थी। मगर उस समय ज्योति लूणा की कुर्सी बच गई थी। नियमानुसार एक बार अविश्वास प्रस्ताव लाने के एक साल बाद ही दोबारा लाया जा सकता है, इसलिए अब फिर से कोशिशें शुरू हो गई है। अविश्वास प्रस्ताव देने वालों में वाइस चेयरमैन बंसीलाल, सदस्य अनु सरबटा, कविता, विनोद गुज्जर, प्रवीन गोदारा, प्रवीन तरड़, राजेश धतरवाल, राजेश शर्मा, नरेश राड़, गोविंद भादू, सुनीता दैयड़, बिस्पति देवी, सुरेश कला, उर्मिला सिंवर, सतीश कुमार, विजेंद्र सिंह व मनीता रानी शामिल हैं। कार्यवाहक डीसी से मिलने पहुंची पंचायत समिति समिति सदस्य अनु सरबटा ने बताया कि जब 2022 में ज्योति लूणा को बनाया गया था।
उस समय बात तय हुई थी कि ढाई साल वह बनेगी और अढ़ाई मुझे बनाया जाएगा। अब ज्योति लूणा मुकर गई है, इसलिए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया है। गौरतलब है कि ज्योति लूणा साल 2022 में तत्कालीन विधायक दुड़ाराम के समर्थन से चेयरपर्सन बनी थी, मगर विधानसभा चुनाव के दौरान वह दुड़ाराम का साथ छोडक़र कांग्रेस प्रत्याशी बलवान दौलतपुरिया के समर्थन में चली गई। इससे उनके परिवार और दुड़ाराम के बीच खटास बढ़ गई। विधानसभा चुनाव में दुड़ाराम की हार के बाद तनाव और बढ़ गया। दुड़ाराम की हार से नाराज उनके समर्थक सदस्य अब किसी भी कीमत पर चेयरपर्सन को कुर्सी पर टिका हुआ नहीं देखना चाह रहे हैं, इसलिए लगातार कुर्सी गिराने के प्रयास किए जा रहे हैं।





