अवैध खनन एवं भंडारण को लेकर डीएमओ ने की बड़ी कार्रवाई
नावाबाजार के राजदीरिया में अवैध क्रेशर सील, छुपाकर रखे गए 350 सीएफटी स्टोन जब्त
अवैध खनन,भंडारण एवं परिवहन बर्दाश्त नहीं : जिला खनन पदाधिकारी
मेदिनीनगर : पलामू जिले में अवैध खनन,भंडारण एवं परिवहन रोकने को लेकर जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार सक्रीय है । इसी क्रम में उन्होंने सोमवार को नावाबाजार थाना क्षेत्र में छापेमारी की एवं थाना क्षेत्र के राजदीरिया में संचालित हो रहे क्रेशर का पुलिस बल के साथ स्थलीय जांच की एवं अवैध तरीके से मिट्टी से छुपा कर रखे गए 350 सीएफटी भंडारित स्टोन को जब्त किया। इस दौरान उन्होंने संचालित क्रसर की परमिट की जांच की तो पाया कि स्थल पर कोई भी क्रसर संचालन को लेकर परमिट नहीं लिया गया है और नहीं भंडारित स्टोन रखे जाने का लाइसेंस है। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए क्रसर को सील कर दिया एवं अवैध तरीके से क्रसर संचालित करने वाले विजय चौधरी को नामजद अभियुक्त बनाते हुए नावाबाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज करवायी।जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि अवैध खनन एवं भंडारण को लेकर पु. अनि आलोक कुमार सोरेन के साथ नावाबाजार थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर संचालित क्रसर की जांच की गई। जांच के क्रम में नावाबाजर के राजदीरिया में क्रसर संचालित होते हुए पाया गया,क्रसर का स्थलीय निरीक्षण किया गया एवं क्रसर के अंदर मिट्टी से ढंक कर स्टोन रखा हुआ पाया गया। जिसकी जांच की गयी तो पाया कि क्रसर संचालन एवं स्टोन भंडारण को लेकर किसी प्रकार का लाइसेंस निर्गत नहीं किया गया है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि यह प्लांट विजय चौधरी पिता उदेश्वर चौधरी ग्राम कुम्भी खुर्द द्वारा चलाया जाता है। जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लांट को सील करते हुए रखे गए स्टोन को जब्त कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से क्रसर संचालित करने वाले विजय चौधरी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाया गया है।
अवैध खनन,भंडारण एवं परिवहन करने वालों की दे सूचना, भेजेंगें जेल
जिला खनन पदाधिकारी आनंद कुमार ने आमजनों से अपील की है जिले में कही भी अवैध रूप से खनन, भंडारण या परिवहन हो रहा है तो इसकी सूचना दें।अवैध खनन भंडारण एवं परिवहन करने वालों को जेल भेजा जाएगा।





