लाभुक आवास पूरा करें या लौटाएं राशि : डीडीसी
सबसे अधिक पीएम आवास नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड में लंबित, एक महीने का दिया अल्टीमेटम
नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू) : पलामू जिले में सबसे अधिक लंबित आवासों की संख्या नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड में है। दो वर्षों से आवास निर्माण लंबित रखे वाले लाभुक यह बता रह हैं कि उन्हें आवास की जरूरत नहीं है। ऐसे में यदि एक महीने के अंदर वे लोग आवास नहीं बनाते हैं तो उनसे पैसा वसूल कर जरूरतमंदों को आवास आवंटित कर दिया जाएगा। उक्त बातें डीडीसी मेघा भारद्वाज ने कही। वे प्रखंड के कोट खास पंचायत भवन में आयोजित राजमिस्त्री प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन समारोह में बोल रही थीं। मौके पर उन्होंने लंबित आवास के कई लाभुकों से पूछताछ की। इसमें पाया कि कई लाभुक डोर लेवल तक काम कर चुके हैं। जियो टैग नहीं होने के कारण उनके आवास का स्थिति स्वीकृत अवस्था में बता रहा है। इस पर डीडीसी मेघा ने तत्काल पंचायत स्वयं सेवक रीमा सिंह को काम से हटाने का बीडीओ को निर्देश दिया। मौके पर मुखिया जूली सिंह ने डीडीसी को बताया कि रीमा स्वयंसेवक के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। वह डीलर का भी काम करती है। उन्होंने बीडीओ को इस मामले की जांच कराकर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। कार्यक्रम का आयोजन जनहित सांस्कृतिक कला केंद्र ने किया। कार्यक्रम में संस्था की ओर से कई राज में स्त्रियों को राज मिस्त्री किट का वितरण किया गया। मौके पर मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष मंदीप मेहता, लेस्लीगंज मुखिया रेखा देवी, राजहारा की आशा देवी, संस्था के परियोजना प्रबंधक अभिषेक आनंद, जिला समन्वयक कौशल किशोर, राजन सिंह, वीरेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।





