पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
रामगढ़। उपायुक्त संदीप सिंह ने जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रह रहे लोगों को पोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पोषण जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर समाहरणालय परिसर से रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने बुधवार को कहा कि जिले में पोषण माह के तहत महिलाओं को जागरूक करने के लिए लगातार कार्यक्रम हो रहे हैं। आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका कभी पोषण रंगोली बना रही हैं, तो कभी दीवार लेखन और महिलाओं के साथ समन्वय स्थापित कर रही हैं। गांवों में पुरुषों के साथ भी बात कर उन्हें पोषण आहार के बारे में जानकारी दी जा रही है। समुदाय स्तर पर पोषण एवं स्वास्थ्य के लिए जन जागरूकता फैलाने का कार्य किया जाता है। इसी उद्देश्य के साथ आज जागरूकता रथ को रवाना किया गया। इस मौके पर डीसी ने मौजूद सभी अधिकारियों को पोषण शपथ भी दिलाई। शपथ के दौरान लोगों ने "सही पोषण देश रोशन" के संबंध में भारत के बच्चों, किशोरों और महिलाओं को कुपोषण मुक्त, स्वस्थ और मजबूत करने, राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा के दौरान हर घर तक सही पोषण का संदेश पहुंचाने, सही पोषण का अर्थ, पौष्टिक आहार, साफ़ पानी और सही प्रथाएं को लोगो तक पहुंचाने, पोषण अभियान को एक देशव्यापी आंदोलन बनाने, हर घर, हर विद्यालय, हर गांव हर शहर में पोषण की बात दोहराई। इस दौरान उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक दंडाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अन्य पदाधिकारी, सीडीपीओ आंगनबाड़ी सेविकाओं सहित अन्य उपस्थित थे।





