सोनीपत में पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश गोपाल ढेर, हेड कॉन्स्टेबल घायल

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत में सोमवार सुबह पुलिस और कुख्यात बदमाश गोपाल के बीच हुई मुठभेड़ में गोपाल मारा गया, जबकि उसकी फायरिंग में हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह घायल हो गए। उनके बाएं हाथ में गोली लगी है और उन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस आयुक्त ममता सिंह के अनुसार, सूचना मिली थी कि अटायल गांव निवासी गोपाल नहर के रास्ते गांव की ओर जा रहा है। सीआईए-एक गन्नौर की टीम ने इलाके में घेराबंदी की, लेकिन पुलिस को देखते ही गोपाल ने भागने की कोशिश करते हुए करीब नौ राउंड फायरिंग कर दी और पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोपाल घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में हेड कॉन्स्टेबल देवेंद्र सिंह भी घायल हुए। मौके से दो अवैध हथियार, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल, कारतूस और कई खाली खोखे बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गोपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और फायरिंग समेत 25 से अधिक मामले दर्ज थे। उसे दो मामलों में उम्रकैद की सजा हो चुकी थी। वह 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन वापस नहीं लौटा और फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, वह सोमवार को भी अटायल गांव के एक व्यक्ति की हत्या की फिराक में घूम रहा था।





