फतेहाबाद:नगर पालिका जाखल के चुनावों के लिए अधिसूचना जारी

फतेहाबाद। जिले की जाखल नगर पालिका में चुनाव काे लेकर अधिसूचना जारी हाे चुकी है। एक जनवरी 2024 की मतदाता सूची को आधार मानकर इन चुनावों की मतदाता सूची तैयार की जाएगी। उपायुक्त मनदीप कौर ने शुक्रवार को बताया कि आगामी 16 दिसंबर तक संबंधित क्षेत्र में ड्राफ्ट मतदाता सूची वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी 17 दिसंबर को इन वार्ड वाइज ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही इसी दिन से इस मतदाता सूची से संबंधित दावे में आपत्तियां मांगी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस मतदाता सूची के संबंध में अगर कोई नागरिक अपने दावे पर आपत्तियां दर्ज करना चाहता है तो वह रिवाइजिंग अथॉरिटी के समक्ष 23 दिसंबर तक प्रस्तुत कर सकता है। इसके बाद 27 दिसंबर तक रिवाइजिंग अथॉरिटी इन दावे व आपत्तियों का निपटान करेंगे। आगामी 31 दिसंबर तक अगर कोई नागरिक रिवाइजिंग अथॉरिटी के फैसले से संतुष्ट नहीं है तो वह उपायुक्त के समक्ष अपील कर सकता है। उन्होंने बताया कि 6 जनवरी, 2025 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि संबंधित नगर पालिका जाखल की मतदाता सूची विभिन्न कार्यालय प्रदर्शित की जाएगी। कोई भी नागरिक इन कार्यालय में जाकर मतदाता सूची को देख सकता है। उन्होंने बताया कि यह मतदाता सूची उपायुक्त कार्यालय, संबंधित नगर पालिका के सचिव के कार्यालय, संबंधित एसडीएम टोहाना कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालय, रिवाइजिंग अथॉरिटी के कार्यालय में मिलेगी। इसके अलावा वोटर नगर पालिका में स्थापित इनफॉरमेशन एंड कलेक्शन सेंटर पर यह मतदाता सूची देखी जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि यह ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला की ऑफिशल वेबसाइट पर भी देखी जा सकती है।





