शिबू सोरेन और उनकी पत्नी के स्वास्थ्य लाभ के लिए भगवान शंकर की शरण में नेमरा वासी
रामगढ़। झारखंड प्रदेश निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने वाले देसोम गुरु शिबू सोरेन और उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ी तो, उनके पैतृक गांव निमरा में भी लोग परेशान हो गए। उन दोनों के स्वास्थ्य लाभ के लिए नेमरा वासी सीधे भगवान शंकर की शरण में जा पहुंचे हैं। गोला प्रखंड के बरलांगा और नेमरा स्थित शिवालय में लगातार महामृत्युंजय का जाप किया जा रहा है। पूजा में शामिल लोग भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं कि शिबू सोरेन और उनका परिवार जल्द ही स्वस्थ होकर नेमरा गांव आए। ग्रामीणों ने कहा कि झारखंड को इस परिवार ने काफी कुछ दिया है। हमेशा उन्होंने अपना त्याग ही किया है। आज उनके उनकी तबीयत खराब हुई है तो पूरे झारखंड वासी चिंतित हैं।
नेमरा गांव निवासी काशीनाथ बेदिया ने कहा कि शिबू सोरेन उनके सहपाठी रहे हैं। बचपन के दिनों में उन लोगों ने साथ पढ़ाई की है। यहां तक कि गोला हॉस्टल में भी कुछ वर्ष साथ गुजारे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ शिबू सोरेन और उनकी पत्नी को जल्दी स्वस्थ करें, ताकि वे गांव लौट कर हम सब से मिल सके। पूजा में शामिल जटाधारी साव ने कहा कि न्यूज़ के माध्यम से पता चला कि शिबू सोरेन और उनकी पत्नी को कोरोना हुआ है। वे जल्द से जल्द ठीक होकर अपने पैतृक गांव लौटे।





