7 बार चुनाव जीत चुके नलिन सोरेन चुने गए उत्कृष्ट विधायक
रांची : उत्कृष्ट विधायक के चयन को लेकर विधानसभा अध्यक्ष के आवास पर हुई बैठक में 7 बार चुनाव जीत चुके नलिन सोरेन के नाम का चयन किया गया। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो, संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम,के अलावा चयन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे. इनके अलावा इस वर्ष का विधानसभा कर्मी पुरस्कार विधानसभा कर्मियों शिशिर कुमार झा,सोमेन कुमार शिव, लक्ष्मी मछुआ, मनोज कुमार, हेलेना कंडुलना को दिया जाएगा. इसके साथ ही कोविड काल मे किये गए विशेष कार्य के लिए रिम्स की रामरेखा को भी विशेष पुरस्कार दिया जाएगा.
झारखंड की राजनीति में खासा दखल रखने वाले नलिन सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक हैं। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में नलिन सोरेन का किसान और मजदूर वर्ग के मतदाताओं पर अच्छी पकड़ मानी जाती है. वह लगातार सात बार चुनाव जीत चुके हैं. नलिन सोरेन का जन्म 1948 हुआ। 12वीं की शिक्षा पूरी करने बाद नलिन सोरेन ने विज्ञान से स्नातक करने के इरादे से भागलपुर विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया, लेकिन वह विभिन्न कारणों के चलते पहले साल का कोर्स ही पूरा कर सके. शुरूआत से ही राजनीतिक विचारों से प्रभावित रहे नलिन सोरेन ने सक्रिय राजनीति में उतरने का मन बना लिया और झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ जुड़ गए. विधानसभा चुनाव में वह झामुमो की ओर शिकारीपाड़ा सीट से चुनाव लड़े और जीतकर विधायक बने।





