मुस्लिम युवा मंच को मिला विशिष्ट सेवा सम्मान
रांची। झारखंड के विभिन्न समुदायों के राजनीतिक, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए कार्यरत सामाजिक संस्था झारखंड मुस्लिम युवा मंच को विशिष्ट सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उसे कोरोना महामारी एवं लॉकडाउन् में सराहनीय कार्य के लिए लोक सेवा समिति की ओर से शुक्रवार को विधानसभा सभागार में मुख्य अतिथि आर्च बिशप फलेक्स टोप्पो एवं पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के हाथों प्राप्त हुआ। मंच की ओर से यह सम्मान केंद्रीय अध्यक्ष मो शाहिद अयूबी ने ग्रहण किया। लोक सेवा समिति की ओर से उसकी 30वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस कार्यक्रम में कई गणमान्य को उनके उल्खनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद मो शाहिद ने कहा कि यह मंच एवं उससे जुड़े पदधारियों एवं कार्यकर्ताओं के लिए सुखद पल है। सम्मान पाकर हम गौरवान्वित महसुस कर रहे हैं। हमारा उत्साह बढ़ा है। आने वाले दिनों में मंच के कई उल्लेखनीय कार्य जनता के बीच सुर्खियां बटोरेंगी। सम्मान के लिए उन्होंने संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष मो नौशाद खान एवं महासचिव डॉ गिरिधारी राम गौंझू समेत चयन समिति में शामिल गणमान्य को बधाई दी है।





