Hardeep Singh Puri को BJP ने MP से दिया टिकट, 25 नवंबर को खत्म हो रहा है UP का कार्यकाल
बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 28 अक्टूबर को उनके नाम को मंजूरी दी। यह सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई है। इस सीट पर मतदान 12 नवंबर को होगा और नामांकन की आखिरी तारीख 2 नवंबर है। पुरी का यूपी से राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर को खत्म हो रहा है, इसलिए यह चुनाव उनके मंत्री पद के लिए अहम है।

भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार 28 अक्टूबर को उनके नाम को मंजूरी दी है। यह उपचुनाव पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट पर हो रहा है। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक रिक्त सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार होंगे। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता एल मुरुगन द्वारा अक्टूबर की शुरुआत में खाली करने के बाद रिक्त हुई थी।
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की यह सीट एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई है। मुरुगन ने 14 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्रिपरिषद और राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक था। उन्होंने तमिलनाडु में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम पर ध्यान देने की इच्छा जताई थी। इस सीट पर उपचुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 2 नवंबर है, जबकि मतदान 12 नवंबर को होगा। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को होगी और उम्मीदवार 5 नवंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान वाले दिन ही वोटों की गिनती भी होगी।
74 वर्षीय हरदीप सिंह पुरी वर्तमान में केंद्र सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। उनका उत्तर प्रदेश से मौजूदा राज्यसभा कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होने वाला है। भाजपा ने हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में उन्हें उत्तर प्रदेश से दोबारा नॉमिनेट नहीं किया था, जिससे उच्च सदन में उनका बने रहना तय नहीं था। संवैधानिक व्यवस्था के मुताबिक कोई भी व्यक्ति संसद सदस्य न होते हुए भी 6 महीने तक मंत्री पद पर रह सकता है। इसके बाद मंत्री बने रहने के लिए लोकसभा या राज्यसभा का सदस्य होना अनिवार्य है। ऐसे में मध्य प्रदेश से जीत हरदीप पुरी के मंत्री पद को बरकरार रखने के लिए बेहद जरूरी है।
भाजपा की प्रदेश इकाई ने इस सीट के लिए 4 से 5 नामों का पैनल केंद्रीय नेतृत्व को भेजा था। इसमें हरदीप पुरी का नाम भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल था। आखिरकार केंद्रीय नेतृत्व ने पुरी के नाम पर मुहर लगा दी। मध्य प्रदेश में भाजपा के पास विधानसभा में बहुमत है, इसलिए इस उपचुनाव में हरदीप सिंह पुरी की जीत लगभग तय मानी जा रही है। इस सीट पर जीत के बाद वे अप्रैल 2030 तक राज्यसभा सदस्य बने रहेंगे, जो मुरुगन का बचा हुआ कार्यकाल है।
विषय




