98 साल के लालकृष्ण आडवाणी ICU में भर्ती, अपोलो अस्पताल ने जारी किया हेल्थ बुलेटिन
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की सेहत को लेकर हेल्थ अपडेट आया है। 98 वर्षीय आडवाणी को 16 अक्टूबर शाम 7:30 बजे चेस्ट इन्फेक्शन के बाद दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वे ICU में हैं और डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में इलाज चल रहा है। अस्पताल ने कहा, हालत स्थिर है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार सुबह मिलकर हाल जाना। पीएम मोदी ने 7 अक्टूबर को उनके घर जाकर आशीर्वाद लिया था।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल ने आज 17 अक्टूबर 2026 को हेल्थ बुलेटिन जारी किया है। अस्पताल के मुताबिक, 98 वर्षीय आडवाणी को शुक्रवार शाम 16 अक्टूबर को करीब 7:30 बजे चेस्ट इन्फेक्शन की शिकायत के बाद लाया गया था। शुरुआत में उन्हें पल्मोनरी विभाग में भर्ती किया गया था, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें ICU में शिफ्ट किया गया है। फिलहाल वे ICU में हैं और न्यूरोलॉजी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। अपोलो अस्पताल ने अपने बयान में कहा, "श्री आडवाणी को चेस्ट इन्फेक्शन के साथ भर्ती कराया गया है। वे फिलहाल ICU में डॉ. विनीत सूरी की निगरानी में हैं। उनकी हालत स्थिर है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।"
वरिष्ठ नेता के भर्ती होने की खबर मिलते ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा शनिवार सुबह 9:30 बजे अपोलो अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर आडवाणी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल से बाहर आकर नड्डा ने कहा कि आडवाणी जी की हालत स्थिर है। इससे करीब एक हफ्ते पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को आडवाणी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। पीएम ने सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे होने पर उनका आशीर्वाद लिया था। उस मुलाकात के बाद पीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि आडवाणी की कई दशकों की सार्वजनिक सेवा ने देश पर गहरी छाप छोड़ी है। यह पहली बार नहीं है जब आडवाणी को अस्पताल में भर्ती कराया गया हो। इसी साल मई 2026 में भी उम्र से जुड़ी समस्याओं के चलते उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया था और कुछ दिन इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी।
इससे पहले दिसंबर 2024 में भी उन्हें मेडिकल मैनेजमेंट और जांच के लिए इसी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था। उस दौरान भी उनकी हालत स्थिर बताई गई थी। लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। वे भाजपा के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और 2002 से 2004 तक देश के उप प्रधानमंत्री रहे। 2024 में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। 8 नवंबर को वे 99 साल के होने वाले हैं। फिलहाल अस्पताल का कहना है कि घबराने की कोई बात नहीं है, लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए डॉक्टरों की टीम हर घंटे उनकी निगरानी कर रही है और जरूरी मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं।
विषय




