झारखंड का पैसा हड़पने की कोशिश में केंद्र सरकार : कांग्रेस

रांची। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने मंगलवार को कहा कि वित्त राज्य मंत्री के जरिये झारखंडी जनता का 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाये की मांग को ठुकराना उनकी नीयत में आयी खोट को उजागर करता है। साथ ही कहा कि झारखंड का पैसा हड़पने की कोशिश केंद्र सरकार कर रही है।कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार की नीयत पर हमें पूरा शक था। इसलिए चुनाव पूर्व अपने जारी 7 गारंटी में हमने स्पष्ट कर दिया था कि बकाया 1.36 लाख करोड़ की वापसी के लिए कानूनी लड़ाई भी लड़नी पड़े तो लड़ेंगे। पूरी झारखंड की जनता जानती है कि यह बकाया किस मद का है। यह कोयला पर पर रॉयल्टी का बकाया है लेकिन केंद्र तानाशाही ढंग अपना कर झारखंडियों के पैसे को बेईमानी से हड़पना चाहती है। जनता इस धोखे को देख रही है।कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के हकमारी की कोशिश कर रही है और झारखंड से भाजपा के 12 संसद मौन होकर तमाशा देख रहे हैं। यदि भाजपा सांसदों को शर्म है तो झारखंड के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाएं और आका से बकाया की वापसी का दबाव बनाएं ताकि झारखंड में इन पैसों से विकास का काम हो सके। उन्होंने कहा कि झारखंड से केंद्र सरकार में दो मंत्री हैं। लोकसभा की 14 में से 9 सीटों पर जनता ने जनादेश दिया लेकिन यह दुर्भाग्य की बात है कि इस प्रकरण पर यहां के भाजपा के चुने हुए जनप्रतिनिधियों की जुबान फेविकोल से चिपक गई है। जनता के हक की आवाज बुलंद करने की जगह कुंडली मारकर बैठ गए हैं।





