रक्षा राज्य मंत्री ने रांची में निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर का किया निरीक्षण
रांची,। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रविवार को रातु
रोड में नवनिर्मित एलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण किया। मंत्री ने
अधिकारियों से 15 नवंबर तक काम पूर्ण करने को कहा ताकि 15 नवंबर भगवान
बिरसा मुंडा के जयंती पर झारखंड का पहला एलिवेटेड कॉरिडोर रांची की जनता को
समर्पित किया जा सके।
सेठ ने कहा कि काम की गुणवत्ता में कोई
समझौता नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2025 को
जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है और 15 नवंबर को
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती भी है। ऐसे महान विभूति के जयंती पर इस कॉरिडोर
का उद्घाटन हो इससे बड़ा सौभाग्य और क्या हो सकता है।
मंत्री ने
कहा कि बच्चों को खेलने के लिए कहीं मैदान नहीं बचा है। कॉरिडोर के नीचे 31
मीटर का स्पेस है। इस स्पेस में बच्चों को खेलने की व्यवस्था रात 9 से 11
के बीच सुनिश्चित करें। रविवार को पूरे दिन यह सुविधा हो। खेल का आयोजन
ओलंपिक संघ के देखरेख में होगा। वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कैरम, इंडोर गेम सहित
अन्य खेलों का आयोजन हो सके। झारखंड पूरे देश को एक प्रेरणा दे सके। ऐसी
व्यवस्था सुनिश्चित करें।
सेठ ने कहा कि फ्लाई ओवर के ऊपर और नीचे
सोहराय पेंटिंग एवं ट्राईबल पेंटिंग की जाए। पिलर पर हैंगिंग गार्डन का
निर्माण करें। फ्लाई ओवर के ऊपर लाइट की व्यवस्था और नीचे कलरफुल लाइट की
व्यवस्था सुनिश्चित करें। जहां-जहां आबादी अधिक है वहां-वहां कट की
व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही जहां मार्केट है और पार्किंग की व्यवस्था
नहीं है वहां पर पार्किंग के लिए जगह छोड़े। नाली का निर्माण वाटर लेवल
लेकर करें ताकि बरसात में पानी रोड पर ना वहे। यह व्यवस्था सुनिश्चित करें।
इस कार्य के लिए और कोई जरूरत हो उसे हम पूर्ण करेंगे। रांची के विधायक
सीपी सिंह ने भी अधिकारियों को सुझाव दिया और लोगों के सुविधा को ध्यान में
रखते हुए काम करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एनएचएआई के सभी वरीय
पदाधिकारी, भाजपा के महानगर के अध्यक्ष वरुण साहू, सत्यनारायण सिंह, ललित
ओझा, संजय जायसवाल, पार्षद ओमप्रकाश, मंडल अध्यक्ष सुबेश पांडे, ओमप्रकाश
पांडे सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।





