सुरक्षा स्टोर से जुड़े व्यापारी, ग्राहकों को कोरोना से रखें दूर : डीसी
रामगढ़। रामगढ़ जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार फैलता जा रहा है। इस दौरान लोगों को इस संक्रमण से बचाने के लिए सुरक्षा स्टोर काफी सहायक साबित होगा। यह बात शनिवार को डीसी संदीप सिंह ने कही। उन्होंने कहा कि सुरक्षा स्टोर कार्यक्रम से हर व्यापारी को जुड़ना चाहिए। इसके लिए उन्होंने रामगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की थी।
व्यापारी अगर अपने प्रतिष्ठानों को सुरक्षित रखेंगे, तो उनके यहां आने वाले ग्राहक कोरोना के संक्रमण से बचे रहेंगे। साथ ही ग्राहक भी वैसे ही प्रतिष्ठानों का चयन करेंगे, जो कोरोना के संक्रमण से मुक्त रहे। डीसी ने बताया कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने के लिए आपूर्तिकर्ता को surakshastore.com वेबसाइट पर अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद उन्हें अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करके सुरक्षा मानक प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। इसके बाद आपूर्तिकर्ता को आपूर्ति की मंजूरी प्रदान की जाएगी।
ग्राहकों को किराना और अन्य घरेलू सामान की आवश्यकता लगातार बनी रहती है। लेकिन वे दुकानों में आने से हिचकते हैं। क्योंकि उन्हें लगता है कि दुकान उनके घरों की तरह सुरक्षित नहीं है। सुरक्षा स्टोर कार्यक्रम से लोगों को अपने घरों के आसपास एक ऐसा स्टोर मिलेगा जो अपने कर्मचारियों और ग्राहकों के संक्रमण को रोकने के लिए कोविड-19 सुरक्षा मानकों का पालन करता है।





