होमगार्ड के चयनित अभ्यर्थियों का शुरू हुआ मेडिकल, पहले दिन 44 लोगों की हुई जांच
रामगढ़। रामगढ़ जिले में होमगार्ड के चयनित अभ्यर्थियों का मेडिकल शुरू हो गया है। गुरुवार को डीयू मिशन प्राइमरी स्कूल परिसर में पहले दिन गोला प्रखंड में चयनित 44 अभ्यर्थियों का चिकित्सीय जांच विभागीय स्तर पर किया गया। डीसी संदीप सिंह ने बताया कि प्रखंड वार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में उपलब्ध रिक्तियों के विरुद्ध अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों, जिनका आवासीय सत्यापन अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय के स्तर पर हो चुका है, उनका विभागीय प्रावधान के अनुसार चिकित्सीय जांच एवं पुलिस सत्यापन शुरू कर दिया गया है। प्रखंड गोला प्रखंड के 22 महिलाओं और 22 पुरुषों की जांच की गई है। होमगार्ड डीएसपी महेंद्र ने बताया कि पहले महिलाओं का मेडिकल जांच किया गया है। इसके बाद पुरुषों का मेडिकल हुआ। विदित हो कि रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली की प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन ने पहले ही तैयारी पूरी कर ली थी।





