मनातू : ट्रिपल मर्डर कांड मामले में पुलिस ने 5 लोगों को किया गिरफ्तार
मर्डर में ग्रामीणों के हाथ होने से पुलिस ने किया इनकार, 1 जनवरी को हुआ था घटना
सगालीम(पलामू) : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र स्थित कुंडलीपुर में एक जनवरी को हुए ट्रिपल मर्डर के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज है। इस क्रम में नक्सली प्रकाश सिंह और उसकी पत्नी प्रेमनी देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, गांव में स्थिति सामान्य करने के लिए पुलिस की गश्ती तेज की गई है। आरोप है कि एक जनवरी की रात जमीन विवाद में कुंडलीपुर गांव में नक्सली प्रकाश सिंह ने विनोद सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद विनोद सिंह के साथ मौजूद लोगों और परिजनों ने नक्सली प्रकाश सिंह और उसकी पत्नी प्रेमनी देवी की टांगी से वार कर हत्या कर दी थी। साथ ही घर जला दिया था। रविवार दिन में पोस्टमॉर्टम के बाद देर शाम प्रकाश सिंह और उसकी पत्नी का अंतिम संस्कार किया गया। मनातू के थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि प्रगास सिंह और उसकी पत्नी की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए विनोद सिंह के पुत्र समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों में विनोद सिंह के पुत्र पिंटू सिंह, अमोध सिंह उर्फ सूरज कुमार, बिंदु भारती, राजन सिंह और सीत भारती शामिल हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि छानबीन में सामने आया है कि एक जनवरी की सुबह कुंडलीपुर गांव में मौज-मस्ती का दौर चल रहा था विनोद सिंह, अमोध सिंह उर्फ सूरज कुमार, बिंदु भारती, राजन सिंह और सीत भारती गांव में खाना-पीना कर रहे थे। इसी बीच अमोध सिंह उर्फ सूरज कुमार, बिंदु भारती, राजन सिंह और सीत भारती ने विनोद सिंह को भड़काते हुए कहा कि प्रकाश सिंह के प्रभाव से घबराने की जरूरत नहीं है। हम उसके साथ हैं। प्रकाश को हर तरह से देख लेंगे। लोगों के भड़कावे में आकर विनोद सिंह ने प्रकाश सिंह के घर पहुंच गया। उस समय रात के आठ बज रहे थे। प्रकाश सिंह घर में सो रहा था। आते ही विनोद सिंह गाली-गलौज पर उतारू हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि गाली सुनकर प्रकाश सिंह घर से बाहर निकला और उसे गोली मार दी गोली चलने की आवाज सुनकर अमोध सिंह उर्फ सूरज कुमार, बिंदु भारती, राजन सिंह और सीत भारती मौके पर पहुंचे। इसी बीच विनोद सिंह का पुत्र पिंटू भी मौके पर पहुंच गया। इन सभी ने मिलकर प्रकाश सिंह और उसकी पत्नी की पिटाई और फिर बाद में सिर पर टांगी से वार कर उनकी हत्या कर दी। एक अज्ञात की भी इसमें संलिप्तता सामने आयी है। उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। गांव के अन्य किसी की इसमें संलिप्तता सामने नहीं आयी है।
नक्सली प्रकाश सिंह की बेटी के बयान पर हुई प्राथमिकी
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रकाश सिंह की बेटी रंजीता कुमार के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। बाहर मजदूरी करने गया प्रकाश सिंह का बेटा घटना की सूचना मिलने पर घर लौटा है। उसने बताया कि उसके पिता नक्सली नहीं हैं और किसी नक्सली संगठन से उनका कोई संबंध नहीं रहा है। पिछले पांच-छह महीने से वह पानीपथ में रहकर मजदूरी कर रहे थे। पांचों आरोपियों को सोमवार को जेल भेज दिया गया है।
पोस्ता की खेती का आरोपी था विनोद सिंह
घटना के बाद से कुंडीलपुर इलाके में पुलिस का सर्च अभियान जारी है। यह इलाका नक्सल गतिवधि के लिए काफी चर्चित रहा है। गांव के 14 लोग पोस्ता की खेती करने के आरोप में जेल में हैं। मृतक विनोद सिंह भी पोस्ता (अफीम) की खेती करने का आरोपी रहा था। वह सरेंडर करने की तैयारी में था। 2017 में पलामू के तत्कालीन एसपी इंद्रजीत महथा पहली बार गांव पंहुचे। इससे पहले कोई भी अधिकारी वहां तक नहीं पहुंचा था।





