मेहुवाला ट्रिपल मर्डर व सुसाइड केस में बड़ा एक्शन: फतेहाबाद पुलिस के हत्थे चढ़ा मुख्य नामजद आरोपी

फतेहाबाद,। क्षेत्र के गांव मेहुवाला में महिला और उसके दो मासूम बच्चों की पानी के कुंड में डूबने से हुई दर्दनाक मौत के चर्चित मामले में भट्टू कलां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य नामजद आरोपी पति को काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान संदीप पुत्र रणबीर सिंह, निवासी मेहुवाला के रूप में हुई है। थाना भट्टू कलां प्रभारी निरीक्षक वीर सिंह ने बताया कि 6 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भट्टू कलां से पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव मेहुवाला निवासी एक महिला और उसके दो बच्चों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है।
सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस को दी शिकायत में मृतका के भाई भट्टूकलां निवासी प्रवीन ने बताया कि उसकी बहन सुदेश का विवाह वर्ष 2014 में संदीप के साथ हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार, संदीप शराब व नशे का आदी था और उसकी बहन को लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताडि़त करता रहता था। घटना वाले दिन संदीप ने ही फोन कर परिजनों को सुदेश व दोनों बच्चों के घर से गायब होने की बात कही थी। इसके बाद जब परिजनों ने तलाश शुरू की, तो तीनों के शव घर के अंदर बने पानी के गहरे टैंक में पड़े मिले थे।
मृतका द्वारा मरने से पहले अपने मोबाइल में एक दर्दनाक वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें उसने पति की प्रताडऩा से तंग आकर बच्चों को जहरीला स्प्रे पिलाने, कुंड में फेंकने और फिर खुद कूदने की बात कही थी। पीडि़त परिवार के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने थाना भट्टूकलां में हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि विशेष अभियान के तहत पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी संदीप उर्फ काला को धर दबोचा है। पुलिस द्वारा आरोपी को रिमांड पर लेकर घटनाक्रम से जुड़े अन्य सभी तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।





