फतेहाबाद: बीजेपी जिला कार्यालय में मनाई पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी की पुण्यतिथि

फतेहाबाद। देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वायपेयी की पुण्यतिथि शनिवार को बीजेपी जिला कार्यालय में मनाई गई। बीजेपी जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा व प्रदेश सचिव सुरेंद्र आर्य के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्व. अटल जी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उन्हें नमन किया। स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए जिलाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण जोड़ा ने कहा कि वह भारत के ऐसे यशस्वी नेता थे, जिन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम माना। वह एक कुशल वक्ता, संवेदनशील कवि और दूरदर्शी राजनेता थे। उनका व्यक्तित्व इतना सश्क्त था कि वह दल और विचारधारा से ऊपर उठकर सभी के प्रिय बने। वाजपेयी ने राजनीति को कटुता से नहीं, बल्कि संवाद और सहमति से चलाने का प्रयास किया। उनके भाषण सरल, प्रेरणादायी और ओजस्वी होते थे, जो जन मानस पर गहरी छाप छोड़ते थे। जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति के साथ-साथ एक मर्मस्पर्शी कवि भी थे। उनकी कविताएं संघर्ष और उम्मीद का संदेश देती हैं। उन्होंने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाया और विकास की नई राह दिखाई। वह विरोधियों का भी सम्मान करते थे। उनकी पुण्यतिथि पर हम सबको यही संकल्प लेना चाहिए कि हम भी देशहित और मानवता को सर्वोपरि रखें। देश के प्रति उनके समर्पण को कभी नहीं भुलाया जा सकता। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष भीम लांबा, जगदीश शर्मा, सविता टुटेजा, जिप प्रधान सुमन खिचड़, संजय रेवड़ी, अशोक जाखड़, विकास लालोदा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





